कोलंबिया में सितम्बर के अंत में शांति समझौते पर हस्ताक्षर होगा

बोगोटा, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कोलंबिया सरकार और विद्रोही संगठन रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज आफ कोलंबिया (एफएआरसी) के बीच इसी हफ्ते हुए एक शांति समझौते पर सितम्बर महीने के अंत में हस्ताक्षर किए जाएंगे।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, रक्षा मंत्री लुईस कार्लोस विलेगास ने सशस्त्र बलों के कमांडरों के साथ बैठक के बाद शनिवार को संवाददाताओं से यह बात कही।

विलेगास ने कहा, “हमें जिस दिन समझौते पर हस्ताक्षर की औपचारिक तिथि मिलेगी, वह ऐतिहासिक दिन होगा। गणमान्य लोगों के कार्यक्रमों पर समारोह की तिथि निर्भर है, लेकिन यह 20 से 26 सितम्बर के बीच होगी।”

जिस दिन समझौते पर हस्ताक्षर होगा, उसके एक दिन बाद 180 दिनों तक की एक अवधि शुरू होगी जिसमें एफएआरसी को अपने हथियार जमा करने होंगे।

शुरू में हथियार कंटेनर में जमा किए जाएंगे और बाद में तीन शांति स्मारक बनाने के लिए इन्हें पिघलाया जाएगा। तीन स्मारकों में एक कोलंबिया में स्थापित किया जाएगा जबकि दो अन्य संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय न्यूयॉर्क में और क्यूबा में स्थापित किए जाएंगे। संयुक्त राष्ट्र और क्यूबा ने साढ़े तीन साल की औपचारिक शांति वार्ता की मेजबानी की थी जिसकी परिणति शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर के निर्णय के साथ हुई।

विलेगास ने अंतिम हस्ताक्षर समारोह के स्थल का संकेत नहीं दिया, लेकिन कहा कि समारोह में भाग लेने दुनिया भर से गणमान्य लोग आएंगे। इस बात को लेकर वे आश्वस्त थे कि अगले सप्ताह निश्चित तिथि की घोषणा की जाएगी।

एफएआरसी के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एफे न्यूज से शनिवार को कहा कि हस्ताक्षर समारोह से पहले हवाना में किए गए समझौता के निर्णय को एफएआरसी के अधिवेशन में मंजूर करना होगा। यह अधिवेशन दक्षिण कोलंबिया के जंगलों में 13 से 19 सितंबर के बीच होगा।

इसके बाद 2 अक्टूबर को एक जनमत संग्रह होगा जिसमें कोलंबियाई लोग शांति समझौता के पक्ष या विपक्ष में मतदान करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493