कोलकाता, 13 नवंबर –चोट से वापस आए रोहित शर्मा (264) की मैराथन पारी की मदद से भारत ने गुरुवार को इडेन गार्डन्स स्टेडियम में जारी चौथे एकदिवसीय मैच में श्रीलंका के सामने 405 रनों का पहाड़ सरीखा लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की पारी का मुख्य आकर्षण रोहित शर्मा रहे जिन्होंने 173 गेंदों की पारी में 33 चौके और नौ छक्के लगाए।
इसके साथ ही रोहित पहले ऐसे बल्लेबाज भी बन गए जिन्होंने दो बार एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया है। साथ ही उन्होंने एकदिवसीय पारी में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत रन बनाने के विरेंद्र सहवाग (219) के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
रोहित की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के सामने पूरी तरह असहाय दिख रहे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवरों में 129 रन लुटाए। रोहित के प्रचंड फॉर्म को इस बात से भी समझा जा सकता है कि रोबिन उथप्पा (16 नाबाद) के साथ पांचवें विकेट की साझेदारी में जुटाए 128 रनों में उन्होंने 109 रनों का योगदान दिया।
रोहित ने इससे पहले कप्तान विराट कोहली (66) के साथ तीसरे विकेट के लिए 155 गेंदों पर 202 रनों की साझेदारी की। दोनों खिलाड़ियों ने न केवल भारत को शुरुआती झटके से उबारा बल्कि तेजी से रन भी बटोरे।
कोहली ने भी रन आउट होने से पहले 64 गेंदों की पारी में छह चौके लगाए।
इससे पहले शिखर धवन की जगह टीम में शामिल किए रोहित ने अंजिक्य रहाणे (28) के साथ पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़ने में कामयाब रहे। रहाणे को हालांकि आठवें ओवर में एंजेलो मैथ्यूज ने चलता कर श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अंबाती रायडू (8) भी कुछ देर बाद शामिंडा इरांगा की गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। सुरेश रैना 11 रन बनाकर आउट हुए।
श्रीलंका की ओर से मैथ्यूज ने दो जबकि इरांगा ने एक विकेट हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath