मुंबई, 18 जुलाई (आईएएनएस)। कोलकाता के 17 वर्षीय गायक कौशल पॉल ने ‘सारेगामापा’ के ग्रैंड फिनाले में बाजी मार ली है और वह इस संगीत रियेलिटी शो के विजेता बन गए हैं। कार्यक्रम का प्रसारण रविवार रात को हुआ।
पॉल ने विजेता घोषित किए जाने के बाद एक बयान में कहा, “मैने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इतनी बड़ी जीत हासिल होगी।”
उनके मुताबिक, विजेता की ट्रॉफी मिलना उनके लिए ‘अविश्वसनीय’ था।
उन्होंने कहा, “इस लक्ष्य के लिए हम सभी ने दिन-रात मेहनत की थी।”
कौशल को विजेता की ट्रॉफी और नई ‘एलीट आई20’ दी गई।
उन्होंने कहा, “इस शो ने मुझे आशा ताई (आशा भोंसले), राहत फतेह अली खान और कुमार सानू जैसे दिग्गज गायकों के सामने गाने का मौका दिया। मुझे यह सुनहरा मौका देने के लिए मैं जी टीवी का शुक्रगुजार हूं।”
प्रीतम के अनुसार उनके शिष्य कौशल का प्रदर्शन किसी रॉक स्टार के प्रदर्शन से कम नहीं है।
प्रीतम ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद गर्व का मौका है। मैं उसकी गायन प्रतिभा का बड़ा प्रशंसक हूं और मुझे ऑडिशन के समय से ही पता था कि वह जीतने के काबिल है।”
dharmpath.com dharmpath