कोलकाता के पत्रकार के मामले की निष्पक्ष जांच हो : एडिटर्स गिल्ड

नई दिल्ली, 3 जनवरी (आईएएनएस)। कोलकाता के वरिष्ठ पत्रकार सुमन चट्टोपाध्याय की गिरफ्तारी पर चिंता व्यक्त करते हुए एडिटर गिल्ड ऑफ इंडिया ने गुरुवार को सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि मामले को संभालने वाली एजेंसियां उनके मामले में निष्पक्ष हों और चट्टोपाध्याय को कानूनी सहारा लेने का विकल्प मिले।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 20 दिसंबर को एक प्रसिद्ध बांग्ला दैनिक के संपादक चट्टोपाध्याय को गिरफ्तार किया था। उन्हें कथित रूप से एक चिट फंड कंपनी आई-कोर समूह से अपने खाते में धन प्राप्त करने के लिए गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के वक्त चट्टोपाध्याय कोलकाता से प्रकाशित होने वाले बांग्ला समाचार पत्र ‘एइ समय’ के संपादक थे।

गिल्ड ने एक बयान में कहा, “गिल्ड का मानना है कि कानून से कोई भी नहीं बच सकता और उसे अपनी रक्षा खुद करनी चाहिए, लेकिन चेतावनी दी कि चट्टोपाध्याय ने अपनी संपादकीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते वक्त जो विचार रखे, उन विचारों को उनके खिलाफ प्रयोग नहीं करना चाहिए या जांच में एक कारक नहीं बनाया जाना चाहिए।”

चटोपाध्याय को कोलकाता में सीबीआई कार्यालय में घंटों तक चली पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। वह दिशा प्रोडक्शन और मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भी हैं।

गिल्ड ने सरकार से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि उसकी जांच एजेंसियां इस जांच और अभियोग में बिल्कुल निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ें।

बयान में कहा गया, “चटोपाध्याय को भी कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा सभी नागिरकों के लिए उपलब्ध कानूनी सहारे की सुविधा और विकल्प मुहैया कराई जानी चाहिए।”

चटोपाध्याय को शुक्रवार को ओडिशा में भुवनेश्वर स्थित विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493