कोलकाता निगम चुनाव के लिए वाम मोर्चा के प्रत्याशी घोषित

कोलकाता, 15 मार्च (आईएएनएस)। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा ने कोलकाता नगर निगम चुनाव के लिए रविवार को अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। 144 वार्डो में वाम मोर्चा ने 71 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है।

वाम मोर्चा के अध्यक्ष विमान बोस ने यहां संवाददाताओं से कहा, “125 वार्डो के लिए पहले नामों की सूची में 67 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। शेष 19 वार्डो के लिए एक या दो दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। सभी 71 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगी।”

सूची में 23 प्रत्याशी धार्मिक अल्पसंख्यक समुदाय से हैं।

उन्होंने कहा, “इसके अलावा जब हम पूरी सूची की घोषणा करेंगे तो उसमें भाषाई अल्पसंख्यक समुदाय से 21 प्रत्याशी शामिल होंगे।”

बोस ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा नगर निगम ‘गले तक भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है’ और लोकतांत्रिक नियमों को ताक पर रखकर भेदभाव की राह पर कामकाज चल रहा है।

बोस ने कहा, “निगम शैतानी ताकतों द्वारा चलाया जा रहा है और लोकतांत्रिक नियम नाले में बहा दिए गए हैं। तृणमूल भ्रष्टाचार को ही बेहतर मानती है।”

माकपा के कद्दावर नेता ने कहा कि 18 अप्रैल को होने वाला चुनाव पर वाम मोर्चा की निगाह ‘चिड़िया की आंख पर नजर’ की तरह है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रचार शुरू करने का आह्वान किया।

राज्य सरकार ने कोलकाता नगर निगम का चुनाव 18 अप्रैल को और राज्य की अन्य नगर निगमों व पालिकाओं का चुनाव 25 अप्रैल को कराने की घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493