कोलकाता : पूजा पंडाल में भगदड़, संस्था पर मामला दर्ज

कोलकाता, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुलिस ने पूजा पंडाल में भगदड़ की एक छोटी घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए आयोजकों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। आयोजकों ने पंडाल में मां दुर्गा की एक ऐसी प्रतिमा स्थापित की है, जिसके बारे में उनका दावा है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी दुर्गा प्रतिमा है।

पुलिस का कहना है कि रविवार रात देशप्रिया पार्क के पंडाल में हुई भगदड़ में तीन लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घायलों की संख्या 10 से अधिक है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमने कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा तय नियमों के उल्लंघन पर पूजा समिति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अदालत ने पंडाल की ऊंचाई अधिकतम 40 फुट तय की है, लेकिन इस पंडाल की ऊंचाई इससे भी अधिक है।”

भगदड़ के बाद पुलिस आयुक्त सुरोजित कार पुरकायस्थ ने रविवार देर रात कहा कि आयोजकों ने जरूरी अनुमतियां नहीं ली थी।

देशप्रिया पार्क पंडाल बीते कई महीनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। मीडिया और अन्य जगहों पर दिए गए विज्ञापनों में दावा किया गया था कि यहां दुनिया की सबसे ऊंची दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

सीमेंट और फाइबर ग्लास से बनी प्रतिमा को इसके विशाल आकार की वजह से पंडाल के बाहर खुले आसमान के नीचे रखना पड़ा।

आयोजकों ने गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड को भी लिखा था कि वह इसे दुनिया की सबसे बड़ी दुर्गा प्रतिमा (80 से 100 फुट के बीच) के रूप में मान्यता दे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को इस पंडाल में पूजा समारोहों का उद्घाटन किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493