कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरने के सिलसिले में एक और गिरफ्तारी की गई है। इस हादसे में 26 लोग बेमौत मारे गए थे।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात उक्त निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कंपनी आईवीआरसीएल के सहायक उपाध्यक्षक रंजीत भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अब तक हिरासत में लिए गए आरोपियों की संख्या नौ हो गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अब तक कंपनी के नौ अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।”
हैदराबाद की आईवीआरसीएल कंपनी यहां पोस्ता इलाके में विवेकानंद रोड फ्लाईओवर का निर्माण करा रही थी। यह फ्लाईओवर 31 मार्च को अचानक गिर पड़ा, जिसमें दबकर 26 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 90 लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने कंपनी के खिलाफ हत्या सहित कई मामले दर्ज किए हैं और उसके कोलकाता ऑफिस को ताला मार दिया है।
dharmpath.com dharmpath