कोलकाता में मृत किशोर के परिजन मुख्यमंत्री से मिले

कोलकाता, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कोलकाता में संदिग्ध परिस्थितियों में मरे एक किशोर के परिजनों ने शुक्रवार को प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। परिजन किशोर की मौत की पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं।

पुलिस ने अपनी जांच में किशोर की मौत को एक दुर्घटना करार दिया है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

दक्षिण कोलकाता के बैलीगंज में मशहूर लेखक अमित चौधरी के अपार्टमेंट परिसर के भूमि तल पर स्थित कार पार्किं ग में 17 वर्षीय आबेश खून से लथपथ पाया गया था। वह 23 जुलाई को अमित चौधरी के घर जन्मदिन की एक पार्टी में हिस्सा लेने गया था।

घटनास्थल से खून से सना एक टूटे बोतल का ऊपरी हिस्सा बरामद हुआ था।

आबेश के परिजनों ने उसकी हत्या का दावा किया था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। लेकिन, गुरुवार को जांचकर्ताओं ने उसकी मौत में किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया और कहा कि मौत की वजह दुर्घटना हो सकती है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दावा किया कि पार्किं ग क्षेत्र में आबेश ने हाथ में शराब की बोतल लेकर कूदने का प्रयास किया।

इस दौरान वह लड़खड़ाकर टूटी बोतल पर गिर पड़ा, जिसके कारण उसकी कांख में चोट आई। अधिक रक्तस्राव से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने हालांकि कहा है कि उसकी यह जांच अंतिम नहीं है। इससे अभी भी निश्चित तौर पर कोई नतीजा नहीं निकाला जा सकता।

इस घटना को सुनियोजित हत्या की साजिश बताने वाले अबेश के परिजनों ने पुलिस की दुर्घटना की थ्योरी को मामले को दबाने का प्रयास करार दिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की।

आबेश की मां रिमझिम दासगुप्ता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा, “हमने उनसे (ममता बनर्जी) कहा है कि अभी भी कई अनसुलझे सवाल हैं। उन्होंने हमारी बातों व सारी आशंकाओं को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि सच्चाई सामने आएगी।”

दासगुप्ता ने कहा, “मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने जो भी कहा है उसे साबित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”

नाबालिग को शराब बेचने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी के अलावा पुलिस ने घटना वाले दिन आबेश के साथ रहे किशोरों तथा चौधरी से भी पूछताछ की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493