कोलकाता ‘हिट एंड रन’ मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार (लीड-1)

कोलकाता, 19 जनवरी (आईएएनएस)। कोलकाता के ‘हिट एंड रन’ मामले में मंगलवार को एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

आरोपी ने हालांकि एक वीडियो क्लिप में दावा किया है कि उसने खुद पुलिस के समक्ष समर्पण किया है।

जॉनी इस मामले में गिरफ्तार किया गया तीसरा आरोपी है। इससे पूर्व शनिवार रात इस मामले के मुख्य आरोपी सांबिया सोहराब और रविवार रात नई दिल्ली से शानू उर्फ शहनवाज को गिरफ्तार किया गया था।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) देबाशीष बोराल ने आईएएनएस को बताया, “जॉनी को मंगलवार सुबह शहर से गिरफ्तार किया गया। जॉनी और शानू की पुलिस हिरासत की मांग के लिए दोनों को अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है।”

गिरफ्तारी के तत्काल बाद एक स्थानीय वीडियो चैनल द्वारा जारी एक वीडियो में जॉनी को इकबालपुर पुलिस थाने के भीतर यह कहकर जाते हुए देखा जा सकता है कि वह पुलिस के समक्ष समर्पण करने जा रहा है।

जॉनी के परिवार के एक सदस्य द्वारा शूट किए गए वीडियो को एक समाचार चैनल को सौंप दिया गया था, जिसमें जॉनी बार-बार पुलिस के समक्ष समर्पण करने की बात दोहरा है।

उसके परिवार का दावा है कि घटना के बाद जॉनी रांची में छिप गया था, लेकिन फिर समर्पण करने के इरादे से और पुलिस को जांच में सहयोग देने के लिए वह शहर लौट आया।

पुलिस ने जॉनी के समर्पण के दावे पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व विधायक मोहम्मद सोहराब के बेटे सांबिया ने 13 जनवरी की सुबह भारतीय वायुसेना के कॉरपोरल अभिमन्यु गौड़ (21) को अपनी तेज रफ्तार ऑडी कार से कुचल दिया था।

गौड़ गणतंत्र दिवस परेड के लिए यहां एक अभ्यास प्रशिक्षक के तौर पर आए हुए थे और कालियाकुंडा वायुसेना अड्डे पर तैनात थे। वह सूरत के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, शानू और जॉनी दोनों घटना से पूर्व वाली रात सांबिया के साथ थे।

सांबिया पर हत्या सहित कई अन्य आरोप हैं और अभियोजन पक्ष ने इस मामले में उस पर कार से एक अन्य जवान को भी घायल करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने सांबिया के फरार पिता मोहम्मद सोहराब और भाई अंबिया के लिए एक लुक-आउट नोटिस जारी किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493