भोपाल, 31 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी और अशोकनगर जिले में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बुधवार को नामांकन पत्र भरे। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने रोड शो भी किया।
शिवपुरी के कोलारस से महेंद्र यादव और अशोकनगर के मुंगावली से कांग्रेस ने ब्रजेंद्र यादव को उम्मीदवार बनाया है, इन दोनों उम्मीदवारों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह और प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव, प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया की मौजूदगी में नामांकन पत्र भरे।
कांग्रेस ने कोलारस और मुंगावली में रोड शो किया। सभी वरिष्ठ नेता खुली जीप में सवार थे। इस मौके पर कांग्रेस के नेताओं ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि अब भाजपा की विदाई का वक्त आ गया है। अटेर, चित्रकूट नगरीय निकाय जैसे ही नतीजे कोलारस व मुंगावली में आएंगे। दोनों ही स्थानों पर कांग्रेस उम्मीदवार जीतेंगे।
यह दोनों उपचुनाव कांग्रेस के लिए काफी अहम हैं क्योंकि, यह दोनों ही क्षेत्र सिंधिया के गुना संसदीय क्षेत्र में आते हैं। साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक थे, जिनका निधन हो जाने के चलते उपचुनाव हो रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा इन स्थानों पर हर हाल में अपना कब्जा जमाना चाहती है, ताकि यह संदेश जाए कि सिंधिया का प्रभाव अपने ही क्षेत्र में कम है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जनाधार अभी भी बना हुआ है।
dharmpath.com dharmpath