कोलकाता, 29 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को यहां नोबेल पुरस्कार विजेता रविंद्रनाथ टैगोर और स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के निवास का दौरा किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति का पद्भार संभालने के बाद पश्चिम बंगाल की अपनी पहली यात्रा के दूसरे दिन कोविंद, राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के साथ उत्तर कोलकाता स्थित टैगोर के निवास स्थान गए।
कोविंद ने ट्वीट किया, “गुरुदेव रविंद्रनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित करने गया। हमारे राष्ट्रीय गान के रचयिता के जन्मस्थान का दौरा करके बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। वह हमारे देश के प्रमुख सांस्कृतिक प्रतीकों में से एक हैं।”
राष्ट्रपति ने बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दक्षिण कोलकाता में स्थित नेताजी भवन का भी दौरा किया जहां उन्हें लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सांसद और नेताजी की भतीजी कृष्णा बोस ने नेताजी पर एक पुस्तक भेंट की।
कोविंद ने कहा कि वह नेताजी के बलिदान और देश के प्रति उनके समर्पण से काफी प्रभावित हुए हैं। नेताजी को अभी भी पूरा देश याद करता हैं।
dharmpath.com dharmpath