कोविंद, मोदी ने नेताजी को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई राजनेताओं ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 122वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें सबसे ज्यादा चहेता राष्ट्रीय हीरो और एक ‘निडर देशभक्त’ बताया।

कोविंद ने ट्वीट कर कहा, “नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें मेरा नमन। वे हमारे सबसे लोकप्रिय राष्ट्रनायकों और स्वतंत्रता संग्राम के महानतम सेनानियों में से एक हैं। आज भी हमारे देशवासी नेताजी को बड़े ही आदर और स्नेह के साथ याद करते हैं।”

प्रधानमंत्री ने नेताजी को ऐसे योद्धा के रूप में याद किया जिसने भारत को स्वतंत्र कराने और इसके सम्मानपूर्ण जीवन के लिए खुद को समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा, “हम सभी उनके आदर्शो को पूरा करने और मजबूत भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

कांग्रेस पार्टी ने उन्हें एक सच्चे राष्ट्रवादी, एक निडर देशभक्त के रूप में याद किया।

कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, “बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्हें इंडियन नेशनल आर्मी के गठन में उनकी भूमिका और कांग्रेस पार्टी के एक सबसे मजबूत अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के लिए याद किया जाएगा।”

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन किया।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी ने लोगों के अंदर देशभक्ति की अलख जगाई और उन्हें अपनी मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा, “वह भारत के स्वतंत्रता संघर्ष के ऑइकन थे और आज के युवा के आदर्श हैं।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ‘आने वाली पीढ़ियों को बोस की वीरता, देशभक्ति और नेतृत्व हमेशा प्रेरणा देगी।’

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, “नेताजी सुभाष बोस ने हमें आजाद हिंद फौज की यादगार सिद्धांत दिए : इत्तेहाद, एतमाद, कुरबानी (एकता, विश्वास, बलिदान)। देशभक्ति से ओत-प्रोत ‘जय-हिंद’ के नारे हम सभी को आज तक एकजुट किए हुए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493