नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान विराट कोहली द्वारा आस्ट्रेलिया में हाल में एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार से अभद्र व्यवहार करने पर पूर्व खिलाड़ी मदन लाल ने सोमवार को कहा कि एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को ऐसा नहीं करना चाहिए था।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा के गौड़ सिटी में अपने क्रिकेट अकादमी के उद्घाटन के मौके पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर मदन लाल ने कहा, “कोहली ने निश्चित रूप से सही व्यवहार नहीं किया। यह नहीं होना चाहिए था। कोहली को अपनी भावनाओं को काबू में रखना सीखना होगा। वह एक युवा खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि इस घटना से वह बहुत कुछ सीखेंगे और भविष्य में ऐसा नहीं करेंगे।”
मदन लाल के अनुसार, “कोहली भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान बन चुके हैं और भविष्य में शायद एकदिवसीय टीम का भी नेतृत्व करेंगे। ऐसे में भारतीय टीम के भविष्य के कप्तान से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जाती।”
गौरतलब है कि कोहली ने बीते मंगलवार को पर्थ में अभ्यास सत्र के दौरान गलतफहमी में हिंदुस्तान टाइम्स के पत्रकार जसविंदर सिद्धू को अपशब्द कहे थे। इस घटना को लेकर कोहली की खूब आलोचना हुई थी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी उनसे मर्यादा में रहने की बात कही थी।
dharmpath.com dharmpath