नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार मुंबई में 12 जनवरी को कौशल पर एक राष्ट्रीय उद्योग सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इस सम्मेलन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उद्योग जगत बड़े पैमाने पर स्किल इंडिया मिशन में शामिल हो। यह सम्मेलन स्वामी विवेकानंद की 153वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, केंद्रीय शहरी विकास और संसदीय मामलों के मंत्री वेंकैया नायडू और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), संसदीय मामलों के राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूडी इस सम्मेलन का संचालन करेंगे।
बयान में कहा गया है कि यह सम्मेलन कौशल पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) के हितधारकों में शामिल उद्योग जगत के दिग्गजों की बैठक है, जिससे उनका ध्यान स्किल इंडिया के सपने को साकार करने की ओर दिलाया जा सके और उन्हें इस पहल में भागीदार बनाया जा सके। यह सम्मेलन एक वार्षिक आयोजन होगा और इसमें सभी मंत्रालय और कंपनियां हिस्सा लेंगी।
रूडी ने यहां कहा, “सम्मेलन में सभी सेक्टरों और क्षेत्रों में किए गए काम की वार्षिक समीक्षा की जाएगी। ‘स्किल इंडिया’ की सफलता के लिए सभी का झुकाव इस ओर लाने और साथ काम करने तथा सामूहिक योगदान देने के लिए यह एक अच्छा मंच साबित होगा।”
रूडी ने कहा कि दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन के दौरान कौशल विकास में सार्वजनिक निजी भागीदारी, औद्योगिक विकास के लिए कौशल में जरूरी सुधार और स्किल इंडिया के जरिए ग्रामीण भारत की आजीविका में सुधार जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कौशल विकास पर अपने विचार साझा करेंगे। केंद्र सरकार की ओर से रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री बीरेंद्र सिंह, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेद्र प्रधान और वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा सम्मेलन में प्रमुख प्रतिभागी होंगे।
बयान के अनुसार, यह सम्मेलन देश में कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए उद्योग जगत के प्रमुखों और सभी उद्योगों के पेशेवरों को एक मंच पर लाएगा। टाटा, टीसीएस, रिलायंस कम्युनिकेशन, भारती एयरटेल, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जीवीके, जीएमआर, एस्सार सहित कई अन्य कॉरपोरेट कंपनियों के प्रमुख इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath