मेलबर्न, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने अपनी सर्वश्रेष्ठ विश्व टेस्ट टीम का चुनाव किया है। इस टीम में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं।
वहीं क्लार्क ने दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न को अपनी टीम का कप्तान बनाया है।
इस पूर्व कप्तान ने वार्न के कड़े प्रतिद्वंद्वी श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन को टीम के 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना है। क्लार्क ने आस्ट्रेलिया के सात खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह दी है।
वहीं, भारत, वेस्टइंडीज और श्रीलंका से एक-एक खिलाड़ी चुने हैं। दक्षिण अफ्रीका के दो खिलाड़ियों को उन्होंने टीम में जगह दी हैं।
क्लार्क ने सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी माइकल स्लेटर और मैथ्यू हेडन को सौंपी है। वहीं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आस्ट्रेलिया को दो विश्व कप दिलाने वाले कप्तान रिकी पोंटिंग को चुना है।
चौथे स्थान पर उन्होंने सचिन को रखा है जबकि पांचवें स्थान पर महान कैरेबियाई बल्लेबाज ब्रायन लारा को जगह दी है। दुनिया के शीर्ष हरफनमौला खिलाड़ियों में शुमार दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कालिस को क्लार्क ने छठे स्थान पर टीम में रखा है।
दुनिया के महानतम विकेटकीपरों में शुमार एडम गिलक्रिस्ट को क्लार्क ने अपनी टीम मे भी विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी है।
क्लार्क की इस विश्व एकादश में तेज गेंदबाजी की जिम्मा ग्लेन मैक्ग्राथ, मिशेल जॉनसन और दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन को सौंपा गया है।
क्लार्क की विश्व एकादश टीम :
शेन वार्न (कप्तान), माइकल स्लेटर, मैथ्यू हेडन, रिकी पोटिंग, सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, जैक्स कालिस, एडम गिलक्रिस्ट, मिशेल जॉनसन, ग्लेन मैक्ग्राथ, डेल स्टेन, मुथैया मुरलीधरन (12वें खिलाड़ी)
dharmpath.com dharmpath