क्षेत्रीय पार्टियों को एकजुट होना होगा : ममता

भुवनेश्वर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा से मुकाबले के लिए बड़े गठबंधन की सुगबुगाहट के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को क्षेत्रीय पार्टियों से एकजुट होने का आग्रह किया।

ममता ने पुरी में संवाददाताओं से कहा, “सभी क्षेत्रीय पार्टियों को साथ आना चाहिए और एक दूसरे के साथ अच्छा संबंध बनाते हुए मजबूती के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”

ममता तीन दिवसीय ओडिशा के दौरे पर हैं। ममता इस मुद्दे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ गुरुवार को चर्चा कर सकती हैं।

ममता ने कहा, “मैंने नवीन पटनायक से मुलाकात का समय मांगा है। यदि इजाजत मिली तो मैं ओडिशा से जाने से पहले उनसे मिलूंगी।”

जनता दल युनाइटेड के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके सहयोगी शरद यादव ने पटनायक से मुलाकात की थी। नीतीश और शरद यादव पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रवि राय के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।

ममता ने विभिन्न क्षेत्रों के बीच मतभेद पैदा करने के लिए भाजपा की आलोचना की।

ममता ने कहा, “भाजपा जाति, धर्म, भाषा के आधार पर बांटकर शासन करने की नीति में विश्वास करती है। हम ऐसा नहीं करते। हमारे लिए सभी धर्म समान हैं। एक सच्चा हिंदू होने के नाते और धर्मनिरपेक्षता में आस्था की वजह से मैं भाजपा को लोगों को बांटने और घृणा फैलाने की अनुमति नहीं दूंगी।”

ममता ने अपने पार्टी नेताओं पर चिट फंड मामले में लगे सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने आरोपों को भाजपा की साजिश बताया।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने मंगलवार को पार्टी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय से मुलाकात की। सीबीआई ने रोज वैली चिट फंड मामले में आरोपों को लेकर सुदीप को गिरफ्तार किया है। वह भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493