‘क्षेत्रीय व्यापार की राह में स्थानीय राजनीति प्रमुख रोड़ा’

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। अर्थशास्त्री रजत नाग ने शुक्रवार को कहा कि स्थानीय राजनीति से क्षेत्रीय व्यापार और पड़ोसी देशों के बीच सहयोग प्रतिकूल रूप से प्रभावित होता है। नाग एशियाई विकास बैंक, भारत के पूर्व प्रबंध महानिदेशक भी रह चुके हैं।

सीयूटीएस इंटरनेशनल द्वारा आयोजित ‘बंगाल खाड़ी क्षेत्र में सीमा पार ऊर्जा सहयोग’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “मुद्दे वास्तव में राजनीतिक हैं.. इसलिए नहीं कि लोगों को जानकारी नहीं है..इसलिए नहीं कि लोगों को इसके लाभ के बारे में पता नहीं हैं.. बल्कि ये राजनीति है, जो रास्ते में रोड़ा बन रही है।”

उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में अपार क्षमता और सद्भावना के बावजूद क्षेत्रीय सहयोग काफी कम है।

सुरक्षा खतरों की वजह से सीमा-पार व्यापार के विषय में डर को दूर करते हुए उन्होंने कहा, “जितना हम एक-दूसरे में निवेश करेंगे, सुरक्षा घटने के बजाए बढ़ती जाएगी।”

विकास परियोजना की वजह से जमीन और संपत्ति खोने वालों पर उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों को निश्चय ही मुआवजा दिया जाना चाहिए।”

अर्थशास्त्री ने कहा, “वे लोग खोने वाले हैं और हमें यह ईमानदारी से पता लगाने की जरूरत है कि वे कौन हैं और उन्हें ईमानदारी से मुआवजा दिए जाने की जरूरत है।”

नाग ने कहा, “क्षेत्रीय व्यापार के संदर्भ में, केवल सहयोग अच्छा होना काफी नहीं है। आपको यह दिखाने की जरूरत है कि कैसे यह प्रक्रिया काम करेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493