खट्टर ने हरियाणा स्वर्ण जयंती का लोगो जारी किया

गुड़गांव, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को एक लोगो जारी किया, जिस पर गीता के संदेश की प्रतिकृति है। यह लोगो एक नवंबर से शुरू होने वाले हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोहों के लिए है।

कार्यक्रम का आयोजन यहां सेक्टर 29 में ‘किंगडम ऑफ ड्रीम्स’ में किया गया था। मुख्यमंत्री के अलावा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधायक, मुख्य सचिव डी. एस. देसाई और हरियाणा स्वर्ण जयंती समिति के संयोजक राजीव शर्मा भी मौजूद थे।

यह समारोह एक नवंबर, 2016 से 31 अक्टूबर, 2017 तक मनाया जाना है।

राज्य सरकार ने रथयात्रा निकालने की भी योजना बनाई है। इस पर राज्य की कला, संस्कृति, विरासत, इतिहास, प्रगति और विकास की झांकी भी रहेगी। यह यात्रा जुलूस के रूप में राज्य के जिला मुख्यालयों के बीच के सभी शहरों या गांवों से होकर गुजरेगी।

इसके अलावा इसमें हरियाणा को एक ऐसे राज्य के रूप में पेश किया जाएगा, जिसने देश की प्रगति में योगदान किया है।

खट्टर ने कहा कि इस समारोह के लिए 140 अधिकारियों का एक दल गठित किया गया है। साल भर तक चलने वाले समारोहों के लिए अगले हफ्ते चंडीगढ़ में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया है।

राज्य सरकार ने उद्योग व खेल जगत के अग्रणी लोगों, अभिनेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य हस्तियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने की योजना बनाई है। गुड़गांव में एक नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

इस लोगो की संकल्पना खुद खट्टर की है।

इस लोगो में सुनहरे पृष्ठभूमि में एक सफेद शंख है, जिस पर भगवान कृष्ण का गीता का उपदेश देती तस्वीर, एक तीर और हरियाणा के नक्शे पर 50 की संख्या है।

इस लोगो का प्रचार वाक्य है- ‘बदलता हरियाणा-बढ़ता हरियाणा’।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493