नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। खनन क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्याओं पर विचार करने के लिए शुक्रवार को जयपुर में खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में सभी राज्यों के खनन मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। खनन क्षेत्र के विषयों पर विचार करने के लिए राज्यों के खनन मंत्रियों की यह दूसरी बैठक होगी।
खनन मंत्रियों की इस उच्च स्तरीय बैठक में खनन क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श होगा और भारत सरकार की हाल के नीतिगत कार्यक्रमों को दिखाने का प्रभावी मंच होगा। इससे खनन क्षेत्र में नीतिगत सुधार के बारे में सरकार को फीडबैक प्राप्त होगा।
इस बैठक के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता इस्पात और खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। इस सम्मेलन में 11 राज्यों के मंत्रियों ने भाग लेने की पुष्टि की है। राज्यों के खनन मंत्री, खनन क्षेत्र में कारोबार को सहज बनाने के लिए राज्य सरकारों के प्रयासों की जानकारी देंगे और खदान और खनन क्षेत्र में सुधार कार्यक्रमों को लागू करने में आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा करेंगे। केन्द्रीय खान सचिव बलविन्दर कुमार खनन क्षेत्र से संबंधित विषयों और क्षेत्र की वर्तमान स्थिति के बारे में प्रजेंटेशन देंगे।
एक दिन के सम्मेलन का दूसरा सत्र तकनीकी सत्र होगा और इसकी अध्यक्षता खान सचिव बलविन्दर कुमार करेंगे। इस सत्र में खनन क्षेत्र के प्रमुख विषयों पर सभी राज्यों के खान विभाग के अधिकारी चर्चा करेंगे तथा सूचनाओं और अनुभव का आदान-प्रदान करेंगे।
यह बैठक खान मंत्रालय द्वारा आयोजित की जा रही है और इसमें जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई), नेशनल एल्मुनियम लिमिटेड (नाल्को) तथा हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) सहयोग दे रहे हैं। राजस्थान सरकार का खनन विभाग इस सम्मेलन का सह-मेजबान है।
dharmpath.com dharmpath