मियामी, 27 मार्च (आईएएनएस)। स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने स्वास्थ्य सम्बंधी परेशानियों के कारण मियामी ओपन से किनारा कर लिया।
नडाल को गर्मी के कारण होने वाली थकावट से असहज महसूस हो रहा था, जिसके कारण उन्हें बीच मुकाबले से वापसी करनी पड़ी।
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट से बाहर होने से पहले दो बार चिकित्सक से संपर्क किया। छह वर्षो में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब दिग्गज टेनिस खिलाड़ी को मैच से वापस जाना पड़ा।
नडाल ने जब मैच से वापसी का फैसला लिया, तो उस दौरान वह विश्व के 94वे वरीयता प्राप्त दमीर दझुमुर से 2-6, 6-4, 3-0 सटों से आगे थे।
टूर्नामेंट में शनिवार को पहले सेट के मुकाबले के बाद दमीर ने भी चिकित्सक से संपर्क कर उनसे पेट में दर्द तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की शिकायत की थी, लेकिन वह इससे उबरने में सक्षम थे।
बीबीसी के अनुसार, नडाल ने रविवार को कहा, “अच्छी बात है कि कुछ गंभीर नहीं था। यह केवल स्थितियों के अधिक खराब होने के कारण हुआ।”
नडाल ने आगे कहा, “मैंने कई बार चिकित्सक को बुलाया, लेकिन मुझे लगा कि अब यहां रहना सुरक्षित नहीं।”
दिग्गज खिलाड़ी ने कहा, “मैच के दौरान मुझे कुछ अच्छा नहीं लग रहा था और स्थिति और भी खराब होती जा रही थी। दूसरे सेट में मुझे अहसास हुआ कि अब मैं और नहीं खेल पाउंगा। मैंने खेलने की कोशिश की, लेकिन तबियत ज्यादा खराब हो गई थी।”
पिछली बार 2010 में आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में ब्रिटेन के एंडी मरे के खिलाफ खेलते हुए इसी तरह नडाल को वापसी करनी पड़ी थी।
dharmpath.com dharmpath