खालिदा के खिलाफ देशद्रोह का मामला

ढाका, 1 नवंबर (आईएएनएस)। ढाका की एक स्थानीय अदालत में बुधवार को बांग्लादेश की विपक्षी नेता खालिदा जिया के खिलाफ देशद्रोह की शिकायत दाखिल की गई है। शिकायत में खालिदा पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कथित तौर पर ब्रिटेन में तीन महीने के अपने प्रवास के दौरान पाकिस्तान की खुफिया एंजेसी आईएसआई के एक अधिकारी के साथ एक ‘गुप्त बैठक’ की थी।

बांगबंधु फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष मशीउर रहमान ने बुधवार को ढाका के मुख्य महानगर दंडाधिकारी की अदालत में शिकायत दर्ज कराई है।

खालिदा 15 जुलाई को स्वास्थ्य संबंधी इलाज के लिए और अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए लंदन गई थीं। वह तीन महीने बाद 18 अक्टूबर को ढाका वापस लौटी थीं।

कुछ ऑनलाइन समाचार पोर्टलों ने जुलाई में बताया था कि बीएनपी अध्यक्ष खालिदा जिया ने लंदन के सेंट जेम्स कोर्ट होटल में आईएसआई के अधिकारी से मुलाकात की थी।

बीडीएन्यूज 24 की खबर के मुताबिक, मशीउर का आरोप है कि बीएनपी प्रमुख ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के जुनैद नामक एक अधिकारी के साथ 18 और 19 जुलाई को देर रात तक मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा कि खालिदा की बैठक बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा करने और बांग्लादेश और भारत के बीच युद्ध की स्थिति को उकसाने के लिए की गई थी।

मशीउर ने कहा कि आरोपों की पुष्टि के लिए बंगबंधु फाउंडेशन ने अपनी लंदन शाखा के माध्यम से जानकारी हासिल की, उसके बाद खबरें मीडिया में आईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493