खालिदा जिया की गवाही एक बार फिर टली

ढाका, 2 जून (आईएएनएस)। भ्रष्टाचार के एक मामले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) प्रमुख खालिदा जिया की गवाही एक बार फिर टल गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

ढाका के तृतीय विशेष न्यायाधीश ने जिया चेरिटेबल ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का बयान दर्ज करने के लिए 23 जून की तारीख मुकर्रर की। उन पर 3.15 करोड़ बांग्लादेशी टका (4,01,729 डॉलर) के गबन का आरोप है।

मामले में खालिदा जिया की गवाही गुरुवार को होनी थी, जिसके लिए बीएनपी प्रमुख अदालत पहुंची थीं।

कई बार गवाही टलने के बाद बीएनपी अध्यक्ष पुराने ढाका के बक्शीबाजार स्थित अदालत पहुंची थीं।

बीते 19 मई को मामले की सुनवाई की तारीख पांचवीं बार बढ़ाते हुए अदालत ने चेतावनी दी थी कि अगर गुरुवार को होने वाली सुनवाई में वह खुद पेश नहीं हुईं, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा।

मामला साल 2010 में पूर्व प्रधानमंत्री सहित पांच लोगों के खिलाफ दायर किया गया था, जबकि साल 2012 में चार अन्य को आरोपित किया गया।

साल 2013 में चारों लोगों को दोषी ठहराए जाने के बाद खालिदा के मामले की सुनवाई शुरू हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493