लंदन, 19 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) के अध्यक्ष सेबास्टियन कोए ने जोर देते हुए कहा है कि रियो ओलम्पिक में खिलाड़ियों के निलंबन के लिए उनका संगठन नहीं बल्कि रूस जिम्मेदार है।
विएना में शुक्रवार को हुई बैठक के बाद आईएएएफ ने डोपिंग अपराधों के कारण अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में रूस के निलंबन को बढ़ा दिया था। साथ ही कहा था कि उसकी वापसी के पैमाने अभी तक तय नहीं किए गए हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने इस निलंबन को अन्यायापूर्ण और अनुचित बताया था। वहीं पोव वोल्ट स्टार येलेना इसिनवायेवा ने आईएएएफ और अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी थी।
आईओसी ने शनिवार को आईएएएफ के फैसला का स्वागत किया था और कहा था कि वह इस फैसले का सम्मान करती है।
अखबार संडे टेलीग्राफ ने कोए के हवाले से लिखा है, “नवंबर में रूस का निलंबन बहुत छोटा कदम था। इस दौरान हमने सोचा था कि कैसे रूस के खिलाड़ियों को रियो में लाया जाए।”
उन्होंने कहा, “मैं अपने फैसले से खुश हूं। मैं जानता हूं कि मेरी परिषद, मेरी टीम और मैं, आईएएएफ के साथ मिलकर जो काम कर रहे हैं वह खेल को पूरी तरह बदल देगा। हमने रूस के सही और साफ-सुथरे खिलाड़ियों को नहीं रोका, उन्हें तो रूस के तंत्र ने ही रोका है जो अपने आप को साफ करने में असफल रहा है।”
कोए ने कहा, “अब हमारी आलोचना हो रही है। आलोचक कह रहे हैं कि हमने रूस के सही खिलाड़ियों के लिए गलत फैसला लिया है। मैं यहा साफ कर देना चाहता हूं कि हमने बेकसूर खिलाड़ियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है। हमने एक ऐसा तंत्र बनाया है जिसके अंदर रूस के सारे खिलाड़ी आते हैं।”
dharmpath.com dharmpath