खुफिया चेतावनी के बाद दिल्ली में हाईअलर्ट

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में 10 संदिग्ध आतंकियों की घुसपैठ की खुफिया विभाग की सूचना के बाद एहतियातन दिल्ली में भी रविवार को हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया।

नाम गुप्त रखने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “दिल्ली हमेशा से ही हाईअलर्ट पर थी, लेकिन गुजरात में कुछ संदिग्ध आतंकियों के घुसे होने की खुफिया विभाग की चेतावनी बेहद गंभीर है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए तत्काल एक संदेश जारी कर दिया गया।”

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के 180 से भी अधिक पुलिस थानों के थाना प्रभारियों को अपने अधिकार क्षेत्र के व्यस्त बाजारों, संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने को कहा गया है।

अधिकारी ने बताया कि रेलवे स्टेशनों, अंतर्राज्यीय बस डिपो, सीमाओं और हवाईअड्डों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

खुफिया विभाग की चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद सभी महानगरों समेत दिल्ली में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया।

गुजरात में चेतावनी के तत्काल बाद राज्य में सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही पुलिस कर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया।

गुजरात सरकार के आग्रह पर केंद्र सरकार ने लगभग 200 जवानों वाली दो एनएसजी टीमें अहमदाबाद भेज दीं हैं।

ऐजिसयों को संदेह है कि घुसपैठिए पाकिस्तान से आए हैं, क्योंकि शुक्रवार को भारतीय सीमा सुरक्षा बल के गश्ती दल ने पाकिस्तान की एक मछली पकड़ने वाली नौका जब्त की थी। गुजरात में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे कच्छ तट से दूर कोटेश्वर खाड़ी इलाके में उन्हें देखते ही नौका में सवार लोग फरार हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493