खेलों को बढ़ावा देने का हो रहा प्रयास : अखिलेश

लखनऊ , 23 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है और इसके मद्देनजर कई महत्वपूर्ण फैसले लेकर उन्हें क्रियान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को गुरुगोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के ध्यानचंद स्टेडियम में हॉकी इंडिया लीग के तहत उत्तर प्रदेश विजार्ड्स और दिल्ली वेबराइडर्स के बीच हुए मैच के अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान यह बातें कही।

उन्होंने मैच के प्रथम हाफ का आनंद लिया तथा मैच से पूर्व मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया।

अखिलेश ने कहा कि हॉकी देश का राष्ट्रीय खेल है। भारतीय हॉकी का शानदार इतिहास रहा है। समय के साथ कई खेलों के स्वरूप में बदलाव आया है। हॉकी में भी बदलाव आया है। इंडिया हॉकी लीग से खिलाड़ियों को बेहतर और ज्यादा मौके मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसमें अन्य देशों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के खेलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपने खेल को निखारने का मौका मिल रहा है। इससे हॉकी की लोकप्रियता में वृद्धि भी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भारतीय हॉकी टीम को अनेक होनहार खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से पूरी दुनिया में देश व प्रदेश का नाम रौशन किया है। यहां तक कि हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद भी उत्तर प्रदेश के ही थे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाने लगी हैं। खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493