नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के पहले संस्करण में लड़कियों की भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 69 किलो से अधिक भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में अरम्बाम अंजू देवी ने जीत दर्ज कर मणिपुर को भारोत्तोलन में पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में लड़कों के भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 94 किलो से अधिक भार वर्ग में दिल्ली के भरतवीर ने स्वर्ण जीता।
अंजू देवी की जीत के साथ मणिपुर ने भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कुल पांच स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कुल 15 स्वर्ण पदक दांव पर थे जिसमें से तेलंगाना ने दो और अन्य पांच राज्यों ने एक-एक पदक अपने नाम किया।
मणिपुर की अंजू देवी ने कुल 175 किलो का भार उठाया तो वहीं दिल्ली के भारतवीर ने कुल 217 किलो का भार उठाकर दिल्ली को भारोत्तोलन प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण दिलाया।
लड़कियों की भारोत्तोलन प्रतियोगिता का रजत पदक आंध्र प्रदेश की जी ग्रेसि सहाना और कांस्य पदक महाराष्ट्र की स्नेहल भोगाले ने अपने नाम किया।
लड़कों के भारोत्तालन प्रतियोगिता का रजत पदक उत्तर प्रदेश के अश्विनी तेयजन और कांस्य पदक बिहार के आशिश कुमार गोराई ने जीता।
dharmpath.com dharmpath