खेल दिवस पर प्रधानमंत्री ने दी ध्यानचंद को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली , 29 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनकी 110वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस पर देशभर के सभी खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। ध्यानचंद का जन्मदिन देश में खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

मोदी ने ट्वीट किया, “राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं और मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि। भारत में खेल और खेलभावना की चमक और बढ़े।”

उन्होंने आगे लिखा, “विभिन्न खेल पुरस्कारों से नवाजे जाने वाले सभी कोचों और खिलाड़ियों को बधाई। हमें खेल के प्रति उनके प्रयासों और योगदानों पर गर्व है।”

राष्ट्रीय खेल दिवस हर साल 29 अगस्त को मनाया जाता है और इस अवसर पर शनिवार को राष्ट्रपति भवन में खिलाड़ियों और कोचों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त, 1905 को हुआ था और वह भारतीय फील्ड हॉकी के खिलाड़ी थे, जिन्हें भारत एवं विश्व हॉकी के क्षेत्र में सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है।

दिग्गज हॉकी खिलाड़ी ने भारत के लिए 1928, 1932 तथा 1936 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

‘द विजार्ड’ नाम से मशहूर ध्यानचंद ने साल 1948 में अपना अंतिम अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला और अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के दौरान उन्होंने 400 गोल दागे।

ध्यानचंद का देहांत 3 दिसंबर, 1979 को हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493