खेल रत्न के लिए अपने नाम की सिफारिश से खुश हैं सानिया

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपना नाम प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए आगे किए जाने को लेकर मंगलवार को खुशी जाहिर की है।

यह देश का सबसे प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार है।

युगल में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया ने हाल ही में स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ विंबलडन खिताब जीता है। वह अब तक चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं।

सानिया से पहले टेनिस के क्षेत्र से सिर्फ लिएंडर पेस का नाम इस पुरस्कार के लिए आगे किया गया था। पेस को यह पुरस्कार 1996 में मिला था। पेस ने अटलांटा ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने के बाद यह सम्मान प्राप्त किया था।

28 साल की सानिया, जो इन दिनों टोरंटो में हिंगिस के साथ खेल रही हैं, ने टवीट करके अपनी खुशी जाहिर की है।

सानिया ने ट्वीट किया है, “वाह..टोरंटो में स्वदेश से सबसे खास खबर के साथ नींद खुली। आप सबका धन्यवाद..आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।”

सानिया को 2004 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। इसके बाद 2006 में सानिया ने पद्मश्री हासिल किया था।

खेल रत्न के लिए सानिया का नाम आगे करने वाली अवार्ड समिति के अध्यक्ष केरल उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वीके बाली हैं। इस समिति में डोला बनर्जी, एमएम सौमाया और खेल मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी हैं।

मंगलवार को इस बात के संकेत मिले हैं कि खेल मंत्रालय ने इस साल के खेल रत्न के रूप में सानिया के नाम को स्वीकार कर लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493