गजेंद्र खुदकुशी मामले की निष्पक्ष जांच हो : भाजपा सांसद (लीड-1)

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान के किसान गजेंद्र सिंह की जंतर मंतर पर खुदकुशी मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की जरूरत है।

राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले गजेंद्र ने बुधवार को केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) की रैली के दौरान नीम के पेड़ में गमछे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।

यादव ने राज्यसभा में शुक्रवार को इस मुद्दे पर बहस में हिस्सा लेते हुए कहा, “एक किसान ने आत्महत्या कर ली और रैली जारी रही।”

उन्होंने कहा, “किसान के परिवार ने कहा कि उसकी मानसिक स्थिति आत्महत्या करने जैसी नहीं थी। परिजनों ने यह भी कहा कि सुसाइड नोट गजेंद्र के हाथ का लिखा नहीं था। ऐसे में यह मामला संदिग्ध लगता है।”

सांसद भूपेंद्र ने कहा, “इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि देश की जनता किसान की मौत के जिम्मेदार लोगों के बारे में जान पाए।”

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि यह घटना देश के लिए शर्म की बात है।

अग्रवाल ने कहा, “इस बात पर बहस करने का कोई मतलब नहीं है कि केंद्र सरकार दोषी है या राज्य सरकार। एक किसान की मौत हुई है और यह देश के लिए शर्म की बात है।”

उन्होंने कहा, “एक तरफ किसान परेशान हैं तो दूसरी ओर सरकार बीज, खाद और बिजली पर सब्सिडी कम करती जा रही है।”

जनता दल (युनाइटेड) के सांसद के.सी. त्यागी ने कहा कि इस घटना के लिए केंद्र सरकार के मंत्रालयों को दोषी ठहराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “गजेंद्र अन्य किसानों की तरह ही शहीद हो गया है। इसमें किसी भी प्रकार की न्यायिक जांच की जरूरत नहीं है। कृषि मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और बैंकिंग, उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय, खाद्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, जनजातीय मामलों का मंत्रालय एवं अन्य सभी मंत्रालय इस घटना के लिए दोषी हैं।”

किसान की आत्महत्या के मामले पर संसद के दोनों सदनों में शुक्रवार को भारी हंगामा देखा गया। राज्यसभा में अन्य सभी नियत कामकाज को रोककर इस मुद्दे पर चर्चा हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493