हल्दिया (पश्चिम बंगाल), 24 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का हेलीकॉप्टर एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के हल्दिया में गडकरी का हेलीकॉप्टर उतर रहा था, तभी उनके स्वागत में बिछे गलीचे हवा में उड़ने लगे, और उनके हेलीकॉप्टर के रोटर ब्लेड में फंस गए।
कोलकाता पत्तन न्यास के हल्दिया गोदी परिसर (एचडीसी) के दौरे पर आए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के स्वागत में यहां लाल गलीचे बिछाए गए थे। जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर नीचे उतरने लगा, वहां बिछे गलीचे हवा में उड़ने लगे और उसके डैने में फंस गए।
हालांकि हेलीकॉप्टर सुरक्षित रूप से उतर गया और गडकरी समेत उसमें सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए।
गडकरी ने ट्वीट कर अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “हल्दिया की ओर जाने वाले हेलीकॉप्टर पर सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। आपकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”
dharmpath.com dharmpath