गांधीजी के विचारों को फिर से जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत : नीतीश

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यहां कहा कि आज देश और दुनिया में जिस तरह से असहिष्णुता और टकराव की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में महात्मा गांधी के सिद्घांतों और उनके विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है।

बिहार में एक साल तक चलने वाले ‘चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह’ का पटना में उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि एक बार फिर से गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि शराब की वजह से समाज बर्बाद हो रहा था, इसलिए इसे बिहार में बंद करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा, “शराबबंदी के बाद अब बिहार नशामुक्ति की ओर बढ़ चला है। हमारी अगली कोशिश दहेजमुक्त बिहार बनाने और बाल विवाह पर रोक लगाने की होगी। ये सभी सामाजिक बुराइयां हैं।”

इससे पूर्व पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के ज्ञान भवन में आयोजित उद्घाटन समारोह में नीतीश कुमार ने महात्मा गांधी के पटना आगमन के 100 साल पूरे होने पर इस समारोह का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बापू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश चलाने के लिए एक एजेंडा या कार्यक्रम तय होना चाहिए, केवल प्रतिक्रिया दे देने से अब काम नहीं चलने वाला है।

उन्होंने कहा, “देश में एकतरफा संवाद नहीं चलेगा, दो तरफा संवाद होगा। अब इस देश की जनता तय करेगी कि कौन सा रास्ता चलेगा। देश में कौन सा एजेंडा चलेगा, वो अब लोगों पर छोड़ दीजिए।”

महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह की स्मृति में आयोजित शताब्दी समारोह के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर सोमवार से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श में भाग लेने आए तीस से अधिक गांधीवादी विचारकों का नीतीश ने स्वागत किया।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी 17 अप्रैल को शताब्दी समारोह के कार्यक्रम में शिरकत करने पटना आएंगे। इस दौरान राष्ट्रपति देश की आजादी में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करेंगे।

बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण व मुजफ्फरपुर के साथ अन्य स्थानों पर भी इस समारोह के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इस मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री अशोक कुमार चौधरी, गांधीवादी विचारक रजी अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493