नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का उपयोग गांवों में संपत्ति सृजन में और विशेष रूप से जल संग्रहण में किया जाएगा और खेती के लिए पांच लाख नए तालाब बनाए जाएंगे।
मासिक रेडियो प्रसारण ‘मन की बात’ की 18वीं कड़ी में मोदी ने कहा, “आपको पता होगा कि सरकार पांच लाख तालाब बनवा रही है। मनरेगा के तहत जल संग्रहण के लिए संपत्ति सृजन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “हम सभी को एक विषय पर सोचना होगा और वह है जल संरक्षण। इस समय का उपयोग हमें अपने तालाब और सिंचाई सुविधाओं की साफ-सफाई करने में करना चाहिए। इसका गर्मियों में लाभ मिलेगा।”
उन्होंने किसानों को ‘किसान सुविधा एप’ डाउनलोड करने और उसका उपयोग करने का सुझाव दिया। यह एप मौसम संबंधी जानकारी, फसल और उपज बढ़ाने के लिए कृषि और नई प्रौद्योगिकी से संबंधित सभी सूचनाएं देगा।
उन्होंने कहा, “कुछ लोग सोचते हैं कि डिजिटल भारत सिर्फ युवाओं के लिए है, लेकिन यह गलत है। किसान सुविधा एप किसानों के लिए है और किसानों से मेरा अनुरोध है कि कम से कम एक बार इसका उपयोग करके देखें। इससे किसानों को मदद मिलेगी। गांव वासियों को पहल करनी चाहिए और योजना बनानी चाहिए कि मनरेगा से वे अपने गांव में कौन-सा काम कराना चाहते हैं।”
मोदी ने किसानों को रासायनिक ऊर्वरकों का कम उपयोग करने की भी सलाह दी, क्योंकि इसके अधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घट रही है और देशवासियों को नुकसान हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने पर्यावरण अनुकूल खनन पर्यटन सर्किट का विकास करने के लिए वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड नागपुर की प्रशंसा भी की।
dharmpath.com dharmpath