गाजियाबाद, 9 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून-व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
सिहानी गेट पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि पार्टी राज्य में बिगड़ रही कानून-व्यवस्था के खिलाफ पूरे राज्य में इस तरह का धरना-प्रदर्शन करेगी।
नीरज सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे राज्य में पैसे उगाह रही है। निर्दोष जनता पक्षपात, जातिवाद और भाई-भतीजावाद से पीड़ित है। पुलिस थाने ठेके पर चलाए जा रहे हैं। अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा भारी बहुमत से राज्य में सरकार बनाएगी।”
सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ इस धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
नीरज ने खराब कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मथुरा मामले की भी याद दिलाई, जिसमें निर्दोष पुलिस अधिकारियों को जान गंवानी पड़ी थी।
dharmpath.com dharmpath