गिरफ्तारी के समय बिरयानी खा रहा था इकबाल

ठाणे, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भगोड़ा माफिया डॉन, दाऊद इब्राहिम कास्कर के भाई इकबाल इब्राहिम कास्कर को सोमवार देर रात पुलिस ने दक्षिण मुंबई में उसके घर से जिस समय हिरासत में लिया, उस समय वह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो देख रहा था और बिरयानी खा रहा था। ठाणे के पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने यह जानकारी मंगलवार को दी।

इकबाल को उसकी बहन हसीना पार्कर के घर से सोमवार देर रात ठाणे फिरौती-रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) की एक टीम ने पकड़ा और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

सिंह ने संवाददाताओं को बताया, “इकबाल कास्कर ने एक बिल्डर से चार फ्लैट और 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। जांच के दौरान कुछ अन्य बिल्डरों और राजनेताओं के नाम भी सामने आए हैं।”

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इकबाल कास्कर और उसके भाई दाऊद पर खतरनाक महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) लागू किया जा सकता है या नहीं। माना जाता है कि दाऊद इस समय पाकिस्तान में छिपा हुआ है।

सिंह ने कहा कि इकबाल कास्कर पिछले कुछ समय से जबरन वसूली का रैकेट चला रहा था और सोमवार रात एईसी ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रमुख ने कहा कि उसने ठाणे, मुंबई और नवी मुंबई में कई बिल्डरों को धमकी दी थी और जबरन फिरौती की मांग कर रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493