श्रीनगर, 24 मार्च (आईएएनएस)। अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष के बेटे के लापता होने के अगले दिन सोशल मीडिया पर रायफल पकड़े उसकी तस्वीर सामने आई है जिस पर लिखा है कि वह हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिलानी के बाद तहरीक-ए-हुर्रियत के अध्यक्ष बने मुहम्मद अशरफ सेहराए के बेटे जुनैद अशरफ वानी (26) के भाई ने शुक्रवार को स्थानीय पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था कि जुनैद अपने घर से गायब हो गया है।
अधिकारी ने कहा, “आज एके-47 के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में फैल रही हैं। तस्वीर पर एक संदेश लिखा है कि जुनैद आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है।”
उन्होंने कहा कि पुलिस तथ्यों की प्रमाणिकता का पता लगा रही है।
इससे पहले इसी सप्ताह गिलानी द्वारा पद छोड़ने के बाद सेहराए को गिलानी की पार्टी का प्रमुख चुना गया था।
dharmpath.com dharmpath