नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र और राज्यों के पर्यटन, संस्कृति, युवा मामले तथा खेल मंत्रियों और सचिवों का सम्मेलन शुक्रवार से गुजरात के कच्छ में शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री सम्मेलन के अंत में भाग लेने वालों से विचार-विमर्श के परिणामों पर संवाद करेंगे।
यह पहला अवसर है जब पर्यटन, संस्कृति, युवा मामले तथा खेल के राज्यों के मंत्री एकत्रित हो रहे हैं और वह भी कच्छ जैसे स्थान पर।
इस सम्मेलन का उद्देश्य पर्यटन, संस्कृति, युवा मामले तथा खेल को आपस में जोड़ने और केंद्र सरकार राज्य / केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वय का लक्ष्य हासिल करना है। सम्मेलन में पर्यटन, संस्कृति तथा युवा कल्याण को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सुविधाओं के उपयोग के बारे में कार्य योजना तैयार करने का प्रयास भी किया जाएगा।
सम्मेलन में सचिवों के समूहों की बातचीत में उभरे विभिन्न क्षेत्रों के विषयों पर भी विचार किया जाएगा। खेल क्षेत्र से जुड़े क्षेत्रों में शिक्षा के साथ खेल को एकत्रित करना, खेल को संविधान की समवर्ती सूची में लाना, अगले तीन ओलंपिक खेलों के लिए रणनीति बनाना, चिन्हित विश्वविद्यालयों में खेल विज्ञान विभाग स्थापित करना, जमीनी स्तर पर खेलों का विकास और स्कूली स्पर्धाओं और विश्वविद्यालय खेलों के मानकों में सुधार लाना शामिल है।
खेल स्पर्धाओं के साथ सांस्कृतिक पक्षों को मिलाने से खेल और पर्यटन दोनों के लाभ के लिए पर्यटक केंद्र बनेंगे। खेल विभाग हाल में हुए 2016 में हुए दक्षिण एशियाई खेलों, आगामी फीफा अंडर -17 फुटबाल वल्र्ड कप, हिमालय क्षेत्र खेल समारोह और गोवा में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का आयोजन करता है। इसमें देश और स्थान की संस्कृति दिखाई जाएगी। इसी तरह वाटर स्पोर्ट्स, एयरो स्पोर्ट्स, साहसिक खेलों आदि का आयोजन संस्कृति और पर्यटन मंत्रालयों के साथ मेलजोल और समन्वय से प्रत्येक वर्ष कैलेंडर के साथ आयोजित किये जा सकते हैं।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री विजय गोयल तीनों दिन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि मेलजोल से सभी संबंधित क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह बताया कि यह दूसरा मौका है जब राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के खेल मंत्री मिलेंगे। राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के युवा मामलें और खेल मंत्रियों की पिछली बैठक 15 नवम्बर, 2016 को नई दिल्ली में हुई थी।
गोयल ने कहा कि देश में खेलों के प्रोत्साहन और विकास के लिए केंद्र तथा राज्यों के बीच आवश्यक सहयोग और समन्वय का समय हासिल करने के लिए समय-समय पर बातचीत आवश्यक है।
dharmpath.com dharmpath