गुजरात में नए साल के प्रथम सप्ताह से पटेलों का अनशन

अहमदाबाद, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। गुजरात में आरक्षण की मांग कर रहा पटेल समुदाय अपने नेता हार्दिक पटेल और अन्य की रिहाई के लिए दबाव बनाने के मकसद से नए साल के पहले हफ्ते से सभी जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेगा। हार्दिक देशद्रोह के आरोप में जेल में बंद हैं। उनके साथ कुछ अन्य नेता भी इसी आरोप में अक्टूबर के मध्य से जेल में हैं।

पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पीएएएस) के एक नेता ने नाम न छापने के अनुरोध के साथ बताया, “हम छह जनवरी से अनिश्चितकालीन अनशन की योजना बना रहे हैं। समिति की सभी जिला इकाइयों के पदाधिकारी इसमें हिस्सा लेंगे।”

उन्होंने कहा कि हार्दिक के पिता भरत पटेल भी आंदोलन में हिस्सा ले सकते हैं। जेल में बंद अन्य पाटीदार नेताओं के परिजन गांधीनगर में महात्मा मंदिर से आंदोलन की शुरुआत करेंगे।

पीएएएस नेता ने कहा कि हार्दिक और जेल में बंद अन्य नेताओं को अदालतों द्वारा नहीं बरी किया गया है। लेकिन, इन्हें जमानत पर छोड़ा जा सकता है। लेकिन, ‘राज्य सरकार चाहती है कि वे जेल में रहें।’

पीएएएस सूत्रों के मुताबिक, बंदी नेता भी जेल में भूख हड़ताल करेंगे।

इस बीच, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पटेलों के समर्थन में पांच जनवरी को जनसभा करने का ऐलान किया है।

एक कांग्रेस नेता ने कहा, “अगर पटेलों ने दिल खोलकर हमारा साथ न दिया होता तो हाल ही में स्थानीय निकाय चुनाव में हमने जैसा प्रदर्शन किया है, वह नहीं कर पाते।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493