गुजरात में भाजपा नेताओं के हत्यारों की धरपकड़ को तलाशी अभियान

अहमदाबाद, 3 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के भरूच शहर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो नेताओं की हत्या के बाद हमलावरों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को कहा कि भरूच जिले के पूर्व भाजपा अध्यक्ष शिरीष बंगाली और पार्टी की युवा शाखा के जिला महासचिव प्रग्नेश मिस्त्री की सोमवार शाम अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

शिरीष बंगाली सोमवार को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर शहर में हुई पार्टी की एक बैठक में शामिल होने के बाद अपने कार्यालय लौटे थे। वहीं पर प्रग्नेश भी मौजूद थे। वहां पहुंचने के तुरंत बाद मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात हमलावर उनके कार्यालय में घुसे और दोनों को गोली मारकर फरार हो गए।

शिरीष अपने कार्यालय से एक स्थानीय गुजराती समाचार-पत्र निकालते थे। घायल शिरीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रग्नेश को गंभीर हालत में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि फिलहाल हत्या की वजह पता नहीं चल पाई है। प्रग्नेश और शिरीष इन दिनों न तो राजनीतिक रूप से सक्रिय थे और न ही किसी पद पर थे।

शिरीष भरूच जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के वरिष्ठ पदाधिकारी थे। उन्हें बाद में इस पद से मुक्त कर भाजपा का जिला महासचिव बना दिया गया था। वह गुजरात नर्मदा फर्टिलाइजर्स निगम (जीएनएफसी) के निदेशक भी रह चुके हैं।

वहीं प्रग्नेश भरूच से भाजपा की युवा शाखा के महासचि होने के अलावा दक्षिण गुजरात में स्थित वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सभा सदस्य भी थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493