अहमदाबाद, 16 मई (आईएएनएस)। गुजरात के जामनगर शहर में सोमवार को सांसद पूनमबेन मदाम एक नाले में गिर गईं, जिससे वह घायल हो गईं। जामनगर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद पूनम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद को सिर में चोट लगी है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह अतिक्रमण हटाए जाने का निरीक्षण कर रही थीं। सांसद के साथ गहरे नाले में अन्य भी गिर गए, जिसमें सभी घायल हो गए।
जामनगर नगर निगम ने 237 आवासीय इकाइयों को गिरा दिया था जिसके खिलाफ स्थानीय निवासी प्रदर्शन कर रहे थे। सांसद स्थल का निरीक्षण करने गई थीं।
सांसद एक आवासीय इकाई के बाहर अधिकारियों से बात कर रही थीं। इस दौरान ढके नाले के जिस स्लैब पर सांसद और अन्य लोग खड़े थे, ढह गया और लोग गहरे नाले में गिर गए।
विध्वंस स्थल पर मौजूद अग्नि शमन दल ने नाले से सभी लोगों को बाहर निकाल लिया।
dharmpath.com dharmpath