गुजरात सरकार, भाजपा ने व्यापारियों को धमकाया : केजरीवाल

पणजी, 30 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि गुजरात सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी के डर से सूरत में 10 जुलाई को होने वाली बैठक को रद्द करने के लिए व्यापार संगठन के सदस्यों को धमकाया है।

इस बैठक में अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया गया था।

यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में आप नेता ने कहा, “व्यापारियों का कहना है कि उन्हें गांधीनगर से फोन आ रहे हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि अगर केजरीवाल को बुलाया तो उन्हें बर्बाद कर दिया जाएगा।”

केजरीवाल ने कहा, “गुजरात सरकार के दबाव के कारण सभी बैठकों को रद्द किया जा रहा है। यह साफ तौर पर गुजरात सरकार और राज्य में भाजपा की बेचैनी को दर्शाता है।”

केजरीवाल ने कहा कि सूरत व्यापारी महामंडल से संबद्ध जयलाल ने औपचारिक रूप से शहर में होने वाली बैठक में उन्हें आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि गहनों पर एक प्रतिशत उत्पाद शुल्क लगाए जाने के विरोध में और इसे हटाए जाने की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों को आप ने समर्थन दिया था, जिसके कारण उन्हें इस बैठक में आमंत्रित किया गया।

केजरीवाल ने कहा, “व्यापार संगठन के प्रमुख जयलाल ने दिल्ली में मेरे घर आकर मुझे औपचारिक निमंत्रण दिया। मैंने इसे स्वीकार कर लिया। यह बैठक 10 जुलाई को होनी थी। हालांकि, मुझे अचानक बताया गया कि किसी विश्वविद्यालय में होने वाली इस बैठक को विश्वविद्यालय ने रद्द कर दिया है।”

आप नेता ने कहा, “हमें तब यह अहसास हुआ, जब जयलाल ने उन्हें एक पत्र लिखा, जिसमें यह कहा गया कि वह इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “बुधवार को बाद में एक स्टिंग ऑपरेशन से यह पता चला है कि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कह रहे हैं कि अगर केजरीवाल को आमंत्रित किया गया, तो आयोजन स्थल की बुकिंग की अनुमति नहीं मिलेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493