संयुक्त राष्ट्र, 2 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि शांति मिशनों को मजबूत, सुरक्षित और ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए विश्व निकाय कड़ी मेहनत कर रहा है।
डैग हैमर्सजोल्ड मेडल समारोह में शुक्रवार गुटेरेस ने कहा, “शांति अभियान अब काफी खतरनाक हो गए हैं, हमारे शांति सैनिक ज्यादा से ज्यादा निशाना बनाए जा रहे हैं।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए काम करने के दौरान जान गंवाने वाले 128 पुरुषों और महिलाओं को मरणोपरांत मेडल से सम्मानित किया।
पिछले साल हमलों में 61 शांति सैनिक मारे गए थे।
गुटेरेस ने अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक दिवस के मौके पर हाल ही में माली में मिशन के अपने दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “माली से आ रहा हूं, देखा कि जहां हमारे शांति सैनिक हैं, उस इलाके में आतंकवादी संगठन और आपराधिक संगठन संचालित हो रहे हैं। मेरे लिए यह स्पष्ट है कि हमें ऐसे शांति सैनिकों की जरूरत है, जो अच्छी तरह से प्रशिक्षित, अच्छी तरह से तैयार, सुसज्जित और अच्छी तरह से समर्थित हों।”
गुटेरेस ने समारोह में संयुक्त राष्ट्र परिवार की ओर से मृत शांति सैनिकों के परिवार वालों को ढांढस भी बंधाया।
dharmpath.com dharmpath