गुड़गांव में संगीत कार्यक्रम में हृदयाघात से छात्रा की मौत

गुड़गांव, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। साइबर सिटी गुड़गांव के हुडा मैदान में रविवार रात इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक (ईडीएम) आर्टिस्ट स्क्रिलेक्स के संगीत कार्यक्रम में एक युवती की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

फैशन डिजाइनिंग की छात्रा आंचल अरोड़ा (23) को जरूरत से ज्यादा भीड़ की वजह से हुडा मैदान में ऑक्सीजन की कमी के चलते दिल का दौरा पड़ा था। यहां क्षमता से अधिक लोग मौजूद थे।

संगीत कार्यक्रम में आंचल के साथ गई उसकी दोस्त आशिमा भी बेहोश हो गिर पड़ी और उसे यहां एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया है।

डीसीपी (पूर्व) दीपक शरण ने घटना के बारे में आईएएनएस को बताया, “युवती को जब अस्पताल ले जाया गया, तो पुलिस को सूचना मिली। उसे अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।”

उन्होंने कहा, “आगे की कार्रवाई चिकित्सकों से मिलने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करती है।”

गुड़गांव और दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए हुडा मैदान एक प्रमुख जगह है।

पूर्व में एनरिक इग्लेसियस, आतिफ असलम, अरिजीत सिंह और मिका जैसे अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय कलाकार इस मैदान में प्रस्तुति दे चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493