नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के प्रधान न्यायाधीश एच.एल. दत्तू ने रविवार को गुड फ्राइडे के दिन उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश का सम्मेलन आयोजित करने पर उठे विवाद के बारे में कहा कि यह परिवार का एक आंतरिक मामला है, जिसका समाधान कर लिया जाएगा।
न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ द्वारा मुद्दा उठाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रधान न्यायाधीश दत्तू ने संवाददाताओं से कहा, “मैं परिवार का प्रमुख हूं और हमारे एक सदस्य ने मुझसे सवाल किया है। हम इसका समाधान खुद करेंगे। यह परिवार से बाहर नहीं जाना चाहिए।”
संवाददाता सम्मेलन में कानून मंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा भी मौजूद थे।
न्यायमूर्ति जोसेफ ने प्रधान न्यायाधीश द्वारा गुड फ्राइडे के दिन उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश का सम्मेलन आयोजित करने पर सवाल उठाया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक पत्र में जोसेफ ने लिखा था, “बिना किसी धर्म का पक्ष लिए दीवाली, होली, दशहरा, ईद, बकरीद, क्रिसमस, ईस्टर, इत्यादि आस-पड़ोस में उत्सव के लिए बेहतरीन दिन होते हैं।”
उन्होंने कहा, “क्या आप इस पर ध्यान देंगे कि दीवाली, दशहरा, होली, ईद, बकरीद जैसे शुभ दिन कोई विशेष कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाते हैं, जबकि इन दिनों पर अवकाश भी होते हैं।”
उन्होंने कहा, “चूंकि सम्मेलन गुड फ्राइडे के दिन है इसलिए आयोजन में शिरकत करने में असफल रहने के लिए मैं खेद प्रकट करता हूं। हमारे लिए गुड फ्राइडे अत्यधिक धार्मिक महत्व का दिन है।”
dharmpath.com dharmpath