कोलकाता, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबाल क्लब स्वांसी सिटी ने जब फ्रांसेस्को गाइडोलिन को हटाकर बॉब ब्रेडले को क्लब का कोच नियुक्त किया तो इस खबर को सुनकर भारत के नंबर एक गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू काफी खुश हुए।
ब्रेडले के मार्गदर्शन में ही संधू शीर्ष यूरोपियन क्लब के लिए खेलने वाले भारत के पहले फुटबाल खिलाड़ी बने थे। उन्होंने नार्वे के स्टाबाएक एफसी की तरफ से आईएल रुनार के खिलाफ पिछले साल अप्रैल में मुकाबले में हिस्सा लिया था।
जनवरी 2014 में ब्रेडले स्टाबाएक एफसी के साथ जुड़े थे।
संधू ने आईएएनएस से मंगलवार को कहा, “मैंने अभी तक जितने प्रशिक्षकों के साथ खेला है, वह (ब्रेडले) उनमें से सर्वश्रेष्ठ हैं।”
उन्होंने कहा, “मैंने उनके साथ दो सत्र खेले हैं। मैंने इस दौरान खेल के बारे में काफी कुछ सीखा और इसने खेल की तरफ मेरे नजरिए को बदल दिया।”
संधू ने कहा, “विश्व की सर्वश्रेष्ठ लीग में से एक लीग के क्लब का कोच बनना उनके लिए अच्छा है। वह इसके हकदार हैं।”
स्वांसी सिटी ने अभी तक अपने पिछले तीन लीग मैचों में हार का मुंह देखा है।
dharmpath.com dharmpath