कोलकाता, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गजल गायक गुलाम अली ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में अपनी प्रसिद्ध गजल ‘चुपके चुपके रात दिन..’ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
गुलामी अली के बेटे ने भी कार्यक्रम में उनके साथ प्रस्तुति दी। वहीं नेताजी इंडोर स्टेडियम में श्रोताओं का लंबा इंतजार समाप्त हुआ।
भारतीय शायर और स्वतंत्रता सेनानी मौलाना हसरत मोहानी द्वारा लिखित ‘चुपके चुपके’ अली ने बी.आर. चोपड़ा की फिल्म ‘निकाह’ (1982) में गाया है।
दर्शकों की भीड़ से पटा स्टेडियम अली की जादुई आवाज से गूंज उठा।
फिल्म-निर्देशक महेश भट्ट भी कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने हाल ही में अपने नाटक ‘मिलने दो’ के लिए अली से गीत गवाया है।
अली ने कहा, “एक कलाकार के रूप में मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि दर्शकों ने आनंद लिया और उनका संगीत ध्यानपूर्वक सुना।”
मुंबई में शिव सेना की धमकी के बाद रद्द हुए कार्यक्रम पर गुलाम अली ने नवंबर में ‘भारत कभी न लौटने’ की बात कही थी, और अपनी निराशा व्यक्त की थी।
गौरतलब है कि अक्टूबर में संगीत कार्यक्रम के रद्द होने के बाद ममता बनर्जी ने कोलकाता में उनके कार्यक्रम की पेशकश की थी।
dharmpath.com dharmpath