गुवाहाटी, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-गुवाहाटी (आईआईटी-जी) में पढ़ने वाली एक छात्रा ने बुधवार को संस्थान के परिसर में आत्महत्या कर ली।
आईआईटी-जी के प्रवक्ता लबनु कंवर ने कहा कि कर्नाटक के शिमोगा कस्बे की निवासी एस.सी. नागश्री आईआईटी गुवाहाटी में मेकेनिकल इंजीनियरिंग की छात्रा थी। उन्होंने जुलाई में इस संस्थान में दाखिला लिया था।
धनसिरी गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली नागश्री ने बुधवार को किसी भी कक्षा में उपस्थित नहीं हुई थी।
कंवर ने कहा, “नागश्री के साथ कमरे में रहने वाली उनकी साथी जब लौटीं, तो उन्हें पता चला की कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। दरवाजा खटखटाने के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। ऐसे में परिसर की सुरक्षा पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। नागश्री को कमरे के अंदर पंखे से लटका पाया गया।”
आईआईटी-जी के अधिकारियों ने कहा कि अकादमिक दबाव के कारण वह इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकतीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “प्राथमिक छानबीन से पता चला है कि यह आत्महत्या है। हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी।”
नागश्री के माता-पिता गुरुवार को गुवाहाटी पहुंचेंगे।
dharmpath.com dharmpath