गूगल ने डूडल के माध्यम से दिलीप सारदेसाई को याद किया

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। वैश्विक सर्च इंजन गूगल ने बुधवार को डूडल के माध्यम से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज दिलीप सारदेसाई के 78वें जन्मदिन पर अपनी श्रृद्धांजलि अर्पित की।

सारदेसाई को स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ भारत का सर्वकालिक महान बल्लेबाज माना जाता है। इंटर-यूनिवर्सिटी रोहिंटन बारिया ट्रॉफी में 1959-60 में 87 के औसत से 435 रन बनाकर पहली बार चर्चा में आए सारदेसाई ने भारत के लिए 30 टेस्ट मैच खेले।

अपने टेस्ट करियर में सारदेसाई ने पांच शतकों और नौ अर्धशतकों की मदद से कुल 2001 रन बनाए। टेस्ट मैचों में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 212 रन रहा है। उनके नाम दो दोहरे शतक हैं। सारदेसाई का प्रथम श्रेणी रिकार्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कुल 179 मैचों में 10230 रन बनाए। इसमें 25 शतक और 56 अर्धशतक शामिल हैं। प्रथम श्रेणी में भी सारदेसाई दोहरा शतक लगा चुके हैं।

8 अगस्त, 1940 को गोवा में जन्मे सारदेसाई ने 2 जुलाई 2007 को मुम्बई में अंतिम सांस ली थी। सारदेसाई के पुत्र राजदीप सारदेसाई भारत के जाने-माने टीवी पत्रकार हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493