गूगल ने ‘मदर इंडिया’ को सचित्र याद किया

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेजगत में ‘मदर इंडिया’ का दर्जा पाने वाली दिवंगत अभिनेत्री नरगिस दत्त का आज जन्मदिन है। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने अपने होमपेज डूडल पर उन्हें सचित्र नमन किया।

नरगिस का जन्म आज से 86 साल पहले एक जून, 1929 को कोलकाता में हुआ। उनका असली नाम फातिमा राशिद था। भारतीय फिल्मोद्योग में उन्हें उनके फिल्मी दुनिया के नाम नरगिस से पहचान मिली।

उन्होंने 1935 में ‘तलाश-ए-हक’ फिल्म से बतौर बाल कलाकार अभिनय करियर की शुरुआत की। सही मायनों में उनका फिल्मी करियर ‘तमन्ना’ (1942) फिल्म से शुरू हुआ। 1940-1960 के बीच उन्होंने कई बड़ी और सफल फिल्मों में काम किया। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान राज कपूर के साथ की फिल्मों से मिली। राज कपूर के साथ उनकी जोड़ी खासी मशहूर रही।

साल 1957 में आई उनकी फिल्म ‘मदर इंडिया’ ने सफलता का नया इतिहास लिखा। इसमें नरगिस ने एक मजबूर मां राधा के किरदार से खूब वाहवाही बटोरी। उन्हें इसके लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। यह फिल्म ऑस्कर के लिए भी नामित हुई, लेकिन अंतिम क्षणों में पुरस्कार से चूक गई।

साल 1958 में उन्होंने अभिनेता सुनील दत्त से शादी कर ली। काबिल-ए-गौर है कि सुनील ने ‘मदर इंडिया’ में उनके बेटे की भूमिका निभाई थी। नरगिस को 1967 में फिल्म ‘रात और दिन’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।

नरगिस समाजिक कार्यो से भी जुड़ी रहीं। 1980 में राज्यसभा के लिए मनोनीत हुईं। संजय दत्त, नम्रता दत्त और प्रिया दत्त के रूप में उन्हें तीन बच्चे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493