गृह कर खत्म करने के केजरीवाल के वादे की भाजपा ने की आलोचना (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि अगर दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत होती है तो गृह कर खत्म कर दिया जाएगा। जबकि, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसकी आलोचना की है।

केजरीवाल ने कहा कि अगर दिल्ली नगर निगम चुनाव में आप सत्ता में आती है तो रिहायशी गृह कर खत्म कर दिए जाएंगे। बकाया गृह कर भी माफ कर दिया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इस घोषणा को शर्मनाक करार दिया है।

केजरीवाल ने कहा कि आप ने गृह कर से संबंधित सभी गणना पूरी कर ली है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बिजली की दर को कम करने सहित अपने सभी चुनावी वादे पूरे किए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि निगमों में भ्रष्टाचार व्याप्त है और पार्षद इसके जरिए धन कमाते हैं।

उन्होंने कहा कि निगमों को जो राजस्व कर के जरिए प्राप्त होता है, उसे भ्रष्ट लोग चुरा ले जाते हैं।

इस घोषणा की आलोचना करते हुए तिवारी ने कहा, “यह कहना शर्मनाक है कि अगर एक बार दिल्ली के नगर निगम चुनाव में उनकी पार्टी जीतती है तो गृह कर खत्म कर दिया जाएगा। पिछले दो वर्षो के दौरान केजरीवाल सरकार ने कई बार तीनों नगर निगमों को सख्ती के साथ गृह कर वसूलने, खासकर अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों से गृह कर वसूलने के लिए लिखा है।”

दिल्ली नगर निगम के 272 वार्डो के लिए 23 अप्रैल को मतदान होने हैं, जिसके नतीजे 26 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493