ग्रेटर नोएडा, 12 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तंबाकू नियंत्रण पर फ्रेमवर्क कन्वेंशन में शनिवार को एक अहम प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि गैर तंबाकू उत्पादक देश आगे भी तंबाकू का उत्पादन नहीं करेंगे।
यह प्रस्ताव तंबाकू उत्पादक किसानों को जीवन निर्वाह के लिए वैकल्पिक स्रोत की तलाश करने के वैश्विक उद्देश्य के तहत पारित किया गया है।
डब्ल्यूएचओ के तंबाकू नियंत्रण पर हुए सातवें फ्रेमवर्क कन्वेंशन में 180 देशों ने हिस्सा लिया और उन्होंने निर्णय लिया है कि वे अपने-अपने देशों के वणिज्य, पर्यावरण, कृषि और स्वास्थ्य विभागों और तंबाकू उद्योग से जुड़े व्यक्तियों के साथ बैठक कर तंबाकू उत्पादक किसानों के जीवन निर्वाह के लिए वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करेंगे।
डब्ल्यूएचओ एफसीटीसी के कन्वेंशन सेक्रेटेरिएट की अध्यक्ष वेरा लुइजा डा कोस्टा ई सिल्वा ने कहा, “हम तंबाकू उत्पादक किसानों की मदद करना चाहते हैं। अहम मुद्दा यह है कि तंबाकू उद्योग अपने हित के लिए किसानों को आगे कर देते हैं। तंबाकू की आपूर्ति श्रृंखला को भंग करना होगा।”
वेरा लुइजा ने शनिवार को डब्ल्यूएचओ की तंबाकू नियंत्रण पर सातवें फ्रेमवर्क कन्वेंशन के समापन के बाद यहां पत्रकारों से ये बातें कहीं।
वेरा लुइजा ने आईएएनएस को बताया, “तंबाकू उद्योग भ्रमित कर रहा है और ऐसी धारणा बना रहा है कि यह कन्वेंशन किसानों के खिलाफ है, लेकिन ऐसा नहीं है। हम तंबाकू उत्पादक किसानों तक पहुंचकर उनकी मदद करना चाहते हैं।”
कन्वेंशन में मौजूद रहे अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव अरुण पांडा ने आईएएनएस को बताया, “हमने तंबाकू उत्पादक किसानों के जीवन निर्वाह के वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करने के उद्देश्य से कृषि, स्वास्थ्य जैसे विभिन्न विभागों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है।”
dharmpath.com dharmpath